मुजफ्फरनगर के रतनपुरी पुलिस ने गुरुवार को मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। देखें खबर से जुड़ी तीन तस्वीरें.. चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश, फायरिंग पुलिस के अनुसार, रायपुर नंगली स्थित एनएच-58 पुल के नीचे वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया गया। युवक अचानक बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए सीएचसी खतौली भेजा। आरोपी की पहचान, तमंचा व बाइक बरामद गिरफ्तार आरोपी की पहचान भनवाडा निवासी इंतजार उर्फ मोटा (40) पुत्र इरफान उर्फ फांडे के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply