मिर्जापुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में, नवरात्र के अष्टमी दिवस पर बाल विकास एवं महिला कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्राथमिक विद्यालय पक्का पोखरा में कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सभासद सतीश मिश्रा ने की, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय जनमानस उपस्थित रहा। जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी वर्मा और जिला प्रोबेशन अधिकारी राम बिलास यादव के मार्गदर्शन में यह अभियान निरंतर जारी है। विधि-विधान के साथ कन्याओं का पूजन किया गया। उन्हें माता का स्वरूप मानकर साज-सज्जा के साथ पूजा की गई तथा प्रसाद एवं उपहार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इस दौरान “नारी सम्मान” और “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” का संदेश प्रमुखता से दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को महिला एवं बालिका कल्याण से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुकलेट, पंपलेट और स्टीकर का वितरण किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। इस अवसर पर प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी (नगर) चंद्रप्रभा, महिला कल्याण विभाग से डॉ. मंजू यादव (जिला मिशन कोऑर्डिनेटर), सुपरवाइजर नेहा गुप्ता, आंगनबाड़ी सहायिका शांति तिवारी सहित पक्का पोखरा क्षेत्र की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रसाद वितरण किया गया और महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता का संकल्प दोहराया गया।

Leave a Reply