सीतापुर में प्राइवेट पेट्रोल पंपों द्वारा पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद गुरुवार शाम को सीतापुर शहर के पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। हालात ऐसे हो गए कि वाहन चालकों में जल्द से जल्द टंकी फुल कराने की होड़ लग गई, जिससे कई स्थानों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शहर के इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम के पंपों पर शाम से ही भीड़ लगनी शुरू हो गईं। बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई पंप संचालकों ने सीमित मात्रा में ही ईंधन देने का फैसला किया। बाइक सवारों को अधिकतम 50 रुपये और कार चालकों को 1000 रुपये तक का ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। प्राइवेट पेट्रोल पंपों पर रेट बढ़ने की खबर फैलते ही लोगों में घबराहट और बढ़ गई। कई लोग अतिरिक्त ईंधन भरवाने के लिए पहुंच गए, जिससे सप्लाई पर दबाव बढ़ गया। स्थिति यह रही कि शहर के दो पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो गया, जिससे वहां पहुंचे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। वाहन मालिकों का कहना है कि अचानक बढ़ी कीमतों और सीमित आपूर्ति के चलते उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पंप संचालकों का कहना है कि सप्लाई देर रात सामान्य होने तक व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। फिलहाल लोग जल्द से जल्द अपनी गाड़ियों की टंकी फुल कराने की कोशिश में जुटे हैं, जबकि प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न फैल सके।

Leave a Reply