लखनऊ के कैसरबाग थाना क्षेत्र में दुकान का शटर काटकर चोरी करने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की नकदी समेत वारदात में इस्तेमाल ग्राइंडर कटर और स्कूटी बरामद हुई है। इंस्पेक्टर अंजनी मिश्रा ने बताय कि बुधवार को चौक के राजा बाजार स्थित शिवालय रोड निवासी नितिन महेश्वरी ने कैसरबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान महेश्वरी होम अप्लायंसेज का शटर काटकर गल्ले से नकदी और चांदी के सिक्के चोरी कर लिए। मुकदमा दर्ज करके टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के साथ मुखबिरों को भी लगाया। जांच के दौरान शक के आधार पर विकास गौतम और विनय गौतम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पहले दोनों टालमटोल करते रहे लेकिन सख्ती करने पर उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली। बाहर सो रहे मजदूरों को भगाया पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विकास गौतम ने दुकान के सामने सो रहे मजदूरों को खुद को दुकान का कर्मचारी बताकर वहां से भगा दिया। इसके बाद इलेक्ट्रिक ग्राइंडर कटर से शटर काटकर अंदर घुसा और गल्ले से नकदी निकाल ली। जबकि विनय बाहर खड़ा होकर निगरानी करता रहा। वारदात के बाद दोनों पैदल वहां से निकलकर स्कूटी से फरार हो गए। पुलिस टीम आरोपियों को साथ लेकर हाता शुतुरखाना स्थित उनके घर पहुंची। जहां खड़ी स्कूटी की डिग्गी से एक लाख 61 हजार 945 रुपए नगद, एक हिकोकी कंपनी का इलेक्ट्रिक ग्राइंडर कटर, तार और एक कंबल बरामद किया गया। आरोपियों ने बताया कि चोरी के दौरान ग्राइंडर कटर को कंबल में छिपाकर ले गए थे।

Leave a Reply