खुटार के भटनौसा गांव में गुरुवार सुबह विद्युत लाइन ठीक करते समय एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लाइनमैन भगवानदास के रूप में हुई है, जो खुटार विद्युत उपकेंद्र परिसर में बने सरकारी आवास में रहते थे। इस घटना के बाद भगवानदास के परिजनों ने खेत मालिक सहित कुछ सहकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों ने इन लोगों को भगवानदास की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, विद्युत विभाग के अधिकारियों ने मृतक भगवानदास से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है। अवर अभियंता जितेंद्र शर्मा ने बताया कि भगवानदास उनके विभाग में कोई लाइनमैन नहीं थे। एक्सईएन पुनीत निगम ने भी कहा कि भगवानदास का विभाग से कोई संबंध नहीं था और न ही उक्त लाइन का शटडाउन लिया गया था। उन्होंने सवाल उठाया कि भगवानदास किसके आदेश पर लाइन ठीक करने गए थे। जब मीडियाकर्मियों ने विद्युत विभाग के इन अधिकारियों से सवाल किया कि यदि भगवानदास विभाग से संबंधित नहीं थे, तो वह पिछले कई सालों से परिवार सहित विद्युत उपकेंद्र खुटार परिसर में बने सरकारी आवास में किसकी अनुमति से रह रहे थे, तो अधिकारी चुप्पी साध गए और जवाब देने से बचते नजर आए। इस मामले में थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि खेत मालिक सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद से यह सवाल उठ रहा है कि भगवानदास की मौत का असली जिम्मेदार कौन है।

Leave a Reply