जौनपुर के विकास और सांस्कृतिक उत्थान को बढ़ावा देने के लिए नगर विधायक एवं खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए 279.64 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दिलाई है। इन परियोजनाओं में धार्मिक स्थल के विकास के साथ-साथ निराश्रित पशुओं के संरक्षण पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है। पहली परियोजना ‘वंदन योजना’ के तहत मियापुर स्थित श्री राम जानकी मंदिर परिसर के विकास के लिए 113.75 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिली है। गोमती तट पर स्थित यह प्राचीन मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। स्थानीय लोग लंबे समय से मंदिर के जीर्णोद्धार और सुविधाओं के विस्तार की मांग कर रहे थे। दूसरी प्रमुख परियोजना के तहत सदर तहसील के डेरायुसूफ (परगना हवेली) में 165.89 लाख रुपये की लागत से एक आधुनिक कान्हा गौशाला का निर्माण होगा। इस गौशाला में लगभग 500 गौवंशों के लिए शेड, वेटरनरी क्लिनिक, चारा गोदाम और बायोगैस प्लांट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। यह पहल निराश्रित पशुओं को सुरक्षित आश्रय प्रदान करने के साथ-साथ गौ-संरक्षण को भी बढ़ावा देगी। राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने बताया कि इन परियोजनाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि इससे जौनपुर की धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों को नई पहचान मिल रही है। यादव ने मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। गुरुवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों परियोजनाओं के जल्द क्रियान्वयन से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को सीधा लाभ पहुंचेगा।

Leave a Reply