रामनवमी के त्योहार को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। गुरुवार को DCP ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने मूलगंज क्षेत्र का निरीक्षण कर शोभायात्रा और ज्वारा जुलूस की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल के साथ रूट मार्च भी किया और मौके पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। DCP ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने बताया संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। यातायात व्यवस्था को लेकर ट्रैफिक पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। शोभायात्रा के दौरान जाम की स्थिति से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जा रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी न हो। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि पर्व को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों ने कहा कि रामनवमी को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

Leave a Reply