चैत्र नवरात्रि के अष्टमी और नवमी तिथि के अवसर पर लखनऊ भक्ति के रंग में सरोबार नजर आया। गोमती नगर के मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। इसी कड़ी में प्रसिद्ध शिवा भोला मंदिर में गुरुवार को महिला मंडल की ओर से सामूहिक भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का आगाज मां भगवती के दरबार में दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद भजनों का सिलसिला शुरू हुआ, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ढोलक की थाप और मंजीरों की खनक के बीच महिलाएं पूरी तरह भक्ति में लीन होकर थिरकती दिखीं। लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी महिला मंडल ने ‘मैया ओ मैया, तुझे कब आएगी दया…’, ‘प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी..’ और ‘मेरी झोली भर दे ओ माता…’ जैसे कई लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। इन भजनों ने समां बांध दिया और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। महिला मंडल की सदस्य पूनम गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि नव संवत्सर और नवरात्रि का यह संगम हमारी गौरवशाली संस्कृति की पहचान है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन हर साल इसलिए किया जाता है ताकि नई पीढ़ी अपनी परंपराओं और जड़ों से जुड़ी रहें। संतोष यादव ने कहा-मां के भजन-कीर्तन करने से मन को शांति मिलती है। घर में धन-धान्य की पूर्ति होती है। सविता वर्मा ने बताया-महिलाओं का एक साथ आकर भजन कीर्तन करना आनंददायक है। विश्व कल्याण की कामना की कीर्तन के दौरान मां दुर्गा के नौ रूपों की महिमा का गुणगान किया गया और विश्व कल्याण की कामना की गई। कार्यक्रम का समापन माता की विधि-विधान से आरती उतारने के बाद हुआ, जिसके बाद भक्तों को हलवा-पूरी का प्रसाद वितरित किया गया। भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर में दर्शन के विशेष इंतजाम किए थे।

Leave a Reply