DniNews.Live

मदरसा छात्रा बोली- मौलवी से मर्जी से किया निकाह:10 महीने से एक-दूसरे को जानते थे, परिजनों ने लगाया था भगाने का आरोप

मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र में मदरसा छात्रा के गायब होने के मामले में नया मोड़ आया है। युवती ने वीडियो पोस्ट कर कहा, उसने अपनी मर्जी से मौलवी जुबेर से निकाह किया है। इससे पहले, युवती के परिजनों ने आरोप लगाया था, मदरसा संचालक मौलवी जुबेर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिजनों का कहना था कि उनकी बेटी उर्दू की तालीम लेने के लिए मदरसे जाती थी, जहां मौलवी ने उसे कथित तौर पर तंत्र-मंत्र का सहारा लेकर अगवा कर लिया। वीडियो में युवती शबाना ने स्पष्ट किया कि उसने मौलवी जुबेर के साथ अपनी मर्जी से निकाह किया है। उसने बताया कि वे दोनों लगभग 10 महीने से एक-दूसरे को जानते थे और करीब 7 महीने पहले ही शादी कर चुके हैं। युवती ने यह भी कहा कि वह अपनी इच्छा से अपने पति के साथ रह रही है और उसके परिजन उस पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। चरथावल थाना प्रभारी सत्य नारायण दहिया ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस ने इसे संज्ञान में लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवती बालिग है और वह मदरसे में पढ़ती नहीं थी, बल्कि वहां पढ़ाती थी। थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों ने निकाह कर लिया है और युवती ने वीडियो के माध्यम से निकाहनामा भी दिखाया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *