सुल्तानपुर क्षेत्र के कटका खानपुर बाजार में अंजनी माता संकीर्तन सेवा समिति द्वारा आयोजित नवदिवसीय श्रीमद् देवीभागवत महापारायण कथा ज्ञान यज्ञ का सातवां दिन बुधवार को संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रीधाम अयोध्या से पधारी साध्वी माँ सीता देवी ने अपने प्रवचनों के माध्यम से धर्म, सत्य और सदाचार का संदेश दिया। उन्होंने राजा हरिश्चंद्र और महर्षि विश्वामित्र के संवाद का वर्णन करते हुए बताया कि सत्य ही सर्वोपरि धर्म है और जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी सत्य का त्याग नहीं करना चाहिए। त्रिशंकु प्रसंग का उल्लेख करते हुए साध्वी सीता देवी ने कहा कि आत्महत्या किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने धैर्य, सत्कर्म और ईश्वर में अटूट विश्वास को जीवन को सही दिशा प्रदान करने वाला बताया। कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में डॉ. लोकेश आदित्य ने विधिवत पूजन एवं आरती संपन्न कराई। इस अवसर पर कटका क्लब के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र विनम्र, सचिन द्विवेदी, राजकुमार मिश्र, अमरनाथ मिश्र, मिंटू सिंह प्रधान सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित थे। कार्यक्रम के समापन पर माता पार्वती के जन्म की भव्य झांकी प्रस्तुत की गई। कथावाचक दिनेशानंद महाराज एवं अन्य संतजनों द्वारा माँ भगवती की आरती उतारी गई और समस्त जनकल्याण की कामना की गई।

Leave a Reply