महोबा में कुआं पूजन कार्यक्रम से लौट रहे परिवार की कार को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में 18 वर्षीय कुणाल कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के टोरियापुरा निवासी गणेश प्रसाद कुशवाहा अपने बेटे कुणाल और अन्य रिश्तेदारों के साथ मध्य प्रदेश के बमनेथा गांव से कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार चरखारी-कुलपहाड़ मार्ग पर सूपा गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने कार को कट मार दिया। टक्कर के बाद गड्ढे में पलटी कार, मची चीख-पुकार ट्रक की टक्कर इतनी तेज थी कि कार चालक गणेश प्रसाद वाहन पर नियंत्रण खो बैठे। अनियंत्रित कार सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए। 18 वर्षीय कुणाल की मौके पर मौत, दो घायल इस दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय कुणाल कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसका ममेरा भाई 22 वर्षीय राजेश कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। कार में सवार एक अन्य व्यक्ति कमलेश को भी हल्की चोटें आई हैं। हैरानी की बात यह रही कि कार चला रहे पिता गणेश प्रसाद इस भीषण हादसे में सुरक्षित बच गए। अज्ञात ट्रक चालक की तलाश, सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल घटना की सूचना मिलते ही चरखारी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होती। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। एक कार्यक्रम से लौटते समय जो सफर खुशियों का था, वह कुछ ही पलों में मातम में बदल गया।

Leave a Reply