ग्रेटर नोएडा के दादरी में मोमोज खाने से लगभग एक दर्जन लोग बीमार हो गए। इन सभी को उल्टी, पेट दर्द, सिर दर्द और बुखार की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दादरी की नई आबादी निवासी आरिफ ने बताया कि उनके घर पर आए रिश्तेदारों सहित परिवार के 10 सदस्यों ने कल शाम मोमोज खाए थे। मोमोज खाने के बाद आज सभी की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में जिलाधिकारी से भी शिकायत की गई है। अस्पताल में भर्ती एक अन्य मरीज सैंडी ने बताया कि वह दो दिन से अस्पताल में है। बीमार होने से पहले उसने भी मोमोज खाए थे। यह 3 तस्वीर देखिए… जानकारी के अनुसार, बीमार हुए दो अलग-अलग परिवारों के सदस्यों ने दादरी नगर में तहसील के पास स्थित एक ही मोमोज की दुकान से मोमोज खरीदे थे। मोमोज खाने के बाद सभी की तबीयत बिगड़ी और उन्हें दादरी के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। दादरी सरकारी अस्पताल के डॉक्टर काशिफ नदीम आलम ने बताया कि 10 से 12 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्हें सिर दर्द, उल्टी, बुखार और पेट दर्द की शिकायत थी। प्रथमदृष्टया यह फूड पॉइजनिंग का मामला लग रहा है। सभी मरीजों को दवाएं और इंजेक्शन दिए गए हैं, और उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है। मरीजों ने मोमोज खाने की बात बताई है। इस मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि उन्हें मीडिया के माध्यम से शिकायत मिली है। विभाग की टीम मौके पर जाकर मामले की जांच पड़ताल करेगी।

Leave a Reply