सीतापुर में नेशनल हाईवे-30 पर बुधवार को लखनऊ से सीतापुर आ रही रोडवेज की अनुबंधित बस ओवरटेक करने के दौरान एक ट्रक से टकरा गई। हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें से 10 यात्री घायल हो गए। हादसा कमलापुर थाना क्षेत्र के सुरेंचा कट के पास का है। जहां तेज रफ्तार बस चालक द्वारा ओवरटेक करने की कोशिश में सामने चल रहे ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। वहीं बस का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कमलापुर ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों में सतीश (32) पुत्र शत्रोहन निवासी शिवपुरी थाना कमलापुर, प्रमोद (28) पुत्र पैकरमा निवासी बुचवा पौरा लखीमपुर, शायरा (30) पत्नी हारून निवासी मोतीपुर हरगांव, खैरूननिशा (40) पत्नी शब्बीर निवासी मोतीपुर हरगांव, स्वप्निल (32) पुत्री शिवाजी निवासी आलमबाग लखनऊ, शशि (33) पुत्री महेश प्रसाद निवासी सीतापुर और अनन्या गुप्ता (20) पुत्री संजीव निवासी लखीमपुर सहित अन्य लोग शामिल हैं। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू कराया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस चालक की लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply