भदोही के समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक जाहिद बेग ने गुरुवार को योगी आदित्यनाथ सरकार के नौ साल पूरे होने पर आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने इन वर्षों में केवल सांप्रदायिकता और नफरत को बढ़ावा दिया है, जबकि विकास के दावे जमीनी हकीकत से दूर हैं। महिला सुरक्षा और अपराध पर निशाना जाहिद बेग ने एनसीआरबी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कुल अपराधों का हिस्सा देश में सबसे अधिक है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध रोजाना 9-10 बलात्कार की घटनाओं के साथ लगातार बढ़ रहे हैं। जौनपुर, प्रयागराज और बीएचयू वाराणसी में छात्राओं के साथ हुई बर्बर घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने योगी सरकार की महिला सुरक्षा में विफलता को उजागर किया। शिक्षा और आर्थिक हालत पर चिंता जाहिद बेग ने आरोप लगाया कि योगी सरकार का पूरा मंत्रालय भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ सालों में कई पुल, इमारतें और एयरपोर्ट निर्माण काम ध्वस्त हो गए, जिससे जनता का पैसा बर्बाद हुआ। विधायक ने कहा कि यूपी की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है। पिछले नौ सालों में 31,012 प्राथमिक स्कूल बंद या विलय किए गए, जिससे लगभग 15 लाख बच्चों का भविष्य अंधकार में डूब गया। उन्होंने युवाओं के रोजगार, उद्योग, किसानों के वादे, और बिजली-पेट्रोल संकट पर भी सरकार को घेरा। इस मौके पर सपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शोभनाथ यादव, जिला प्रवक्ता अलीशेर खां, जिला सचिव राजकुमार यादव, वरिष्ठ नेता जावेद अंसारी, मनोज यादव, अयूब अंसारी और जईम बेग सैफी सहित कई नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply