जौनपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला कार्यालय में गुरुवार को सम्राट अशोक की जयंती मनाई गई। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने की, जहां सपा कार्यकर्ताओं ने सम्राट अशोक को श्रद्धांजलि अर्पित की। जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने सम्राट अशोक के शासनकाल (ईसा पूर्व 269-232) को भारत के इतिहास में एक अखंड और सशक्त शासन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि मौर्य वंश के सबसे प्रतापी राजा सम्राट अशोक को शांति, न्याय और अहिंसा का प्रतीक माना जाता है, जिन्होंने युद्ध त्याग कर मानवता का मार्ग अपनाया था। जयंती समारोह के बाद एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में सम्राट अशोक के आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया। विचार गोष्ठी को जौनपुर के सांसद बाबूसिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, राजनरायन बिंद, श्रद्धा यादव, प्रदेश सचिव हिसामुद्दीन शाह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दीपचंद राम और डॉ. राजीव रत्न मौर्य सहित कई अन्य नेताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष श्यामबहादुर, महेंद्र प्रताप यादव, हीरालाल विश्वकर्मा, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, निज़ामुद्दीन अंसारी, डॉ. सुजीत पटेल, रामकेश बिंद सहित सैकड़ों सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अर्जक संघ के संस्थापक सदस्य राम आश्चर्य यादव और पीडीए समाजवादी परिवार के अन्य दिवंगत सदस्यों के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना भी की गई।

Leave a Reply