DniNews.Live

जेवर एयरपोर्ट कार्यक्रम को लेकर बॉर्डर क्षेत्रों में बढ़ी चौकसी:प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारी, एसएसपी ने किया निरीक्षण

गौतमबुद्धनगर स्थित जेवर एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर बुलंदशहर पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बॉर्डर क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। एसएसपी ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर शंकर प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. तेजवीर सिंह और क्षेत्राधिकारी खुर्जा शोभित कुमार के साथ जनपद की सीमा से सटे थाना ककोड़ और जहांगीरपुर बॉर्डर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने बैरियर और चेकिंग प्वाइंट पर सुरक्षा व्यवस्था का गहनता से अवलोकन किया। एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करने तथा हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों को बॉर्डर क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने, जनपद में प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन की जांच करने और प्रमुख चौराहों व संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध संचालन के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने को भी कहा गया। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एक डायवर्जन प्लान भी तैयार किया गया है। बुलंदशहर से गौतमबुद्धनगर जाने वाले वाहनों को निर्धारित रूट से भेजने और आवश्यकता पड़ने पर हल्के वाहनों का भी रूट डायवर्जन करने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस प्रशासन ने बताया कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इस दौरान संबंधित थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *