DniNews.Live

देवरिया में पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं, पर्याप्त स्टॉक:जिलाधिकारी ने अफवाहों को बेबुनियाद बताया, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

देवरिया में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाहों को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बेबुनियाद बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान पंप संचालकों को ड्रम, गैलन या अन्य कंटेनरों में डीजल-पेट्रोल की बिक्री न करने की सख्त हिदायत दी गई। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में पेट्रोल की दैनिक खपत लगभग 263 किलोलीटर है, जबकि वर्तमान में 1543 किलोलीटर पेट्रोल का स्टॉक उपलब्ध है। यह कई दिनों की आवश्यकता को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। इसी प्रकार, डीजल की दैनिक मांग करीब 435 किलोलीटर है, जबकि 1960 किलोलीटर डीजल का भंडार मौजूद है। उन्होंने आश्वस्त किया कि तेल कंपनियों द्वारा नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है और डिपो से पेट्रोल पंपों तक ईंधन की आवक लगातार बनी हुई है। प्रशासन इस पूरी व्यवस्था की गहन निगरानी कर रहा है और कहीं भी आपूर्ति बाधित नहीं है। डीएम ने आमजन से अपील की है कि वे भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि घबराहट में जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदने से कृत्रिम संकट पैदा हो सकता है, जिससे अन्य लोगों को परेशानी होगी। साथ ही, उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुसार ही ईंधन की बिक्री करने का निर्देश दिया। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने दोहराया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जनहित में सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि जनपदवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *