हरियाणा लाडो लक्ष्मी योजना का ट्रायल पूरा:पंचकूला से CM सैनी करेंगे ऐप लॉन्च, रजिस्ट्रेशन के एक महीने बाद मिलेंगे ₹2100
हरियाणा सरकार की दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का ट्रायल पूरा हो गया है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि ट्रायल पूरे प्रदेश में सफल रहा और कहीं से कोई शिकायत नहीं आई। अब 25 सितंबर को पंचकूला में राज्यस्तरीय कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस योजना का ऐप लॉन्च करेंगे। वहीं अलग-अलग जिलों में मंत्री और विधायक भी कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे। मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि इस ऐप पर महिलाओं का रजिस्ट्रेशन लगातार जारी रहेगा। रजिस्ट्रेशन करने के एक महीने बाद हर महिला को 2100 रुपए मिलना शुरू हो जाएंगे। रजिस्ट्रेशन की तारीख से एक महीने बाद राशि
हरियाणा के मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का ऐप 25 सितंबर को लॉन्च होगा। जिस महिला ने उसी दिन रजिस्ट्रेशन कराया, उसे 1 नवंबर से 2100 रुपए मिलने शुरू हो जाएंगे। अगर महिलाएं किसी और दिन रजिस्ट्रेशन कराएंगी, तो उन्हें रजिस्ट्रेशन की तारीख से एक महीने बाद राशि मिलना शुरू होगी। कुछ गिरोह एक्टिव हुए
कृष्ण बेदी ने बताया कि इस योजना को लेकर हरियाणा में कुछ गिरोह सक्रिय हो रहे हैं, जो पैसे लेकर महिलाओं को रजिस्ट्रेशन करवाने का झांसा दे रहे हैं। ऐसे में कोई भी महिला किसी सेंटर पर न जाएं नहीं किसी को एक रुपया भी दें बल्कि खुद ही अपने घर में किसी भी मोबाइल फोन से खुद अपना रजिस्ट्रेशन करे 1 ही मोबाइल से कितने भी रजिस्ट्रेशन किए जा सकते हैं। ऐप पर गलत जानकारी अपलोड नहीं होगी
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के ऐप पर गलत जानकारी अपलोड करना संभव नहीं है। अगर किसी महिला के डॉक्यूमेंट पूरे होंगे तभी उसका रजिस्ट्रेशन हो पाएगा। अगर कोई महिला गलत जानकारी देकर रजिस्ट्रेशन करती है, तो सरकार उससे पूरा पैसा वापस वसूल लेगी। इसके अलावा हर महिला को हर महीने ऐप पर अपनी लाइवलीनेस प्रूफ देना होगा। इसके लिए ऐप पर आंख झपकाकर (ब्लिंक) और स्माइल करके अपनी मौजूदगी दिखानी होगी।
Source: देश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply