DniNews.Live

जौनपुर में हत्या के आरोपी की चाकू से हत्या:वीडियो में हमलावर ने कहा- ‘वकील का लड़का हूं, बदला लिया’

जौनपुर के जलालपुर क्षेत्र में बुधवार को एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक आशीष उर्फ चिघडू चौहान पूर्व में एक हत्या के मामले में आरोपी था और जमानत पर बाहर था। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर बदला लेने की बात कहते दिख रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, संघईपुर गांव निवासी आशीष उर्फ चिघडू चौहान बुधवार को बन्दीपुर स्थित शराब ठेके के पास मौजूद था। तभी करीब एक दर्जन हमलावरों ने उसे दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए वह सिरकोनी गांव में घुस गया और कई घरों में छिपने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उसे गुल्लू मौर्य के घर के पीछे बने मड़हे में घेर लिया। वहां उस पर ताबड़तोड़ चाकू से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमलावर शव को लगभग एक किलोमीटर दूर बन्दीपुर गांव के पास फेंककर फरार हो गए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पांच युवक आशीष पर चाकू से वार करने के बाद उसे घसीटते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में एक हमलावर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘मैं संघईपुर के बाबूराम वकील का लड़का हूं, बता देना ये उनके लड़के को मार सकता है, क्या मेरे पास कलेजा नहीं है?’ यह बयान बदले की भावना की ओर इशारा करता है। मृतक आशीष उर्फ चिघडू चौहान अपने ननिहाल मड़ियाहूं में रह रहा था। वह पूर्व में एक हत्या के मामले में आरोपी था और जमानत पर बाहर आया था। बुधवार को उसके बन्दीपुर आने की सूचना मिलने पर ही हमलावरों ने उसे घेरकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गजानन्द चौबे और उपनिरीक्षक सुजीत ओझा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जौनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को इस मामले में कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपियों के साथ मुठभेड़ की। इस दौरान दो अभियुक्तों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखे, एक मोटरसाइकिल और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *