अयोध्या में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है, जिनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। पहला हादसा खण्डासा थाना क्षेत्र के नौगवां गांव के पास मिल्कीपुर-अमानीगंज मार्ग पर हुआ। यहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार यशवंत कुमार उर्फ लल्लू को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में यशवंत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने यशवंत को मृत घोषित कर दिया। राजकुमार को प्राथमिक उपचार के बाद दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मृतक यशवंत मंझनपुर के पूरे कुर्मी गांव का निवासी था और वह राजकुमार को उसके घर रुदौली के सरायमंझन गांव छोड़ने जा रहा था। दूसरा हादसा कुमारगंज थाना क्षेत्र में अयोध्या-रायबरेली हाईवे पर बराईपारा गांव के पास हुआ। यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक पर पीछे बैठे युवक की हालत गंभीर हो गई, जबकि बाइक चला रहे युवक को मामूली चोटें आईं। दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने एक घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर रेफर कर दिया। घायलों की पहचान ददेरा देवकाली निवासी अर्जुन यादव और अयोध्या के कौशलपुरी निवासी विक्रम यादव के रूप में हुई है। विक्रम यादव ने बताया कि वे अर्जुन यादव की भतीजी की शादी के लिए खरीदारी करने गए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ। हादसों की सूचना मिलते ही कुमारगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कुमारगंज और खण्डासा पुलिस ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
https://ift.tt/grmoH1O
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply