कांग्रेस द्वारा 14 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित महारैली में बुलंदशहर जिले से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। यह रैली मोदी सरकार के खिलाफ महंगाई, बेरोजगारी, किसान मुद्दों और लोकतंत्र के संरक्षण पर केंद्रित होगी। सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी बुलंदशहर कार्यालय में महारैली की तैयारियों को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। इसमें बुलंदशहर से 3,000 लोगों को दिल्ली ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सहप्रभारी प्रदीप नरवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 14 दिसंबर की महारैली में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की। नरवाल ने कहा कि यह रैली देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और जनता की आवाज को मजबूत करने का अवसर है। प्रदीप नरवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने का प्रयास कर रही है, जिसके खिलाफ प्रत्येक नागरिक को एकजुट होना होगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जो नेता महारैली में सक्रिय रूप से भाग नहीं लेंगे, उन्हें महत्व नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में नौजवान, किसान, मजदूर और गरीब बेहाल हैं। भाजपा ने ‘अच्छे दिन’ का सपना दिखाकर लोगों को धोखा दिया है। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जियाउर्रहमान ने की। इस दौरान अनिल यादव, पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी शिवराम बाल्मिकी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, प्रशांत बाल्मिकी, नरेंद्र चौधरी, साजिद गाजी, नईम मंसूरी, साजिद चौधरी और डॉ. इरफान सहित सचिन पंडित भी मौजूद रहे।
https://ift.tt/lS9n1sU
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply