बागपत के कोताना गांव में हरियाणा से आए लोगों ने किसानों की 50 बीघा से अधिक फसल ट्रैक्टर चलाकर बर्बाद कर दी। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। किसानों का आरोप है कि हरियाणा के लोगों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे, जब उनकी फसलें नष्ट की गईं। किसानों के अनुसार, उनकी यह जमीन यमुना नदी पार कर हरियाणा क्षेत्र में आती है। इस भूमि पर गेहूं और अन्य फसलें पूरी तरह तैयार थीं। किसानों ने आरोप लगाया कि हरियाणा से आए लोगों ने जानबूझकर उनकी तैयार फसलों पर ट्रैक्टर चला दिए। किसानों ने इस दौरान विरोध भी किया, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। आरोप है कि फसलें बर्बाद करने आए लोगों के साथ हरियाणा पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे, जिनकी उपस्थिति में यह पूरी घटना हुई। किसानों का कहना है कि सीमा विवाद को लेकर बागपत और हरियाणा के किसानों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। यह ताजा मामला इसी विवाद से जुड़ा है। बागपत के किसानों ने अधिकारियों से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने और फसल बर्बाद करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply