प्रयागराज के झूंसी थाना क्षेत्र अंतर्गत चमनगंज बाजार में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मस्ताना स्वीट्स हाउस के सामने एक महिला की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस और पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान स्वीटा (निवासी गुरदासपुर, पंजाब) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में अपने पति के साथ चमनगंज (कनिहार) में रह रही थी। मृतका का विवाह 12 नवंबर 2021 को हेमंत कुमार वर्मा, पुत्र स्वर्गीय माता प्रसाद वर्मा, के साथ हुआ था।
क्या है पूरा मामला?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाह के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बुधवार रात को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर पति हेमंत कुमार वर्मा ने पास में रखी कपड़े प्रेस करने वाली आयरन (इलेक्ट्रिक इस्त्री) से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ करीब छह वार कर दिए।
बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 1:30 बजे की है। वार इतने गंभीर थे कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति करीब पांच घंटे तक शव के साथ ही घर में बैठा रहा। सुबह उसने खुद 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है।
मौके पर क्या कार्रवाई हुई?
सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही, मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
एसीपी बोलीं
एसीपी झूंसी कुंज लता ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply