बदायूं। भाजपा जिला कार्यालय पर सोमवार दोपहर मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में एमएलसी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक और संवैधानिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। त्रुटिरहित एवं पारदर्शी मतदाता सूची मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है। प्रदेश उपाध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस अभियान में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करेगा। कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं को फॉर्म भरवाकर उनके मतदान अधिकार को सुरक्षित कराने का काम करेंगे। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि यह अभियान केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को सशक्त करने का उपक्रम है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठनात्मक अनुशासन के साथ बूथ स्तर तक इस कार्य को लेकर जाएंगे। पूर्व डीसीबी चेयरमैन और जिला प्रवासी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मतदाता सूची का अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। भाजपा सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कार्य करती रही है। बैठक में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत, अभियान संयोजक शैलेंद्र मोहन शर्मा सहित मंडल अध्यक्ष, विधानसभा संयोजक, ब्लॉक प्रमुख, चेयरमैन और शक्तिकेंद्र संयोजक मौजूद रहे।
https://ift.tt/iwz5CGp
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply