DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

महोबा में उप परिवहन आयुक्त ने किया आरटीओ निरीक्षण:सड़क सुरक्षा पर दिए सख्त निर्देश, चलेगा जागरूकता अभियान

झांसी मंडल के उप परिवहन आयुक्त डी.के. सिंह ने महोबा के उप संभागीय परिवहन कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली का जायजा लिया और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में डी.के. सिंह ने बताया कि यह उनका परिचयात्मक दौरा था, क्योंकि उन्हें हाल ही में झांसी परिक्षेत्र का उप परिवहन आयुक्त नियुक्त किया गया है। इस परिक्षेत्र में महोबा सहित सात जिले शामिल हैं। उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ परिवहन संबंधी समस्याओं और जनता की दिक्कतों को समझा। उप परिवहन आयुक्त ने बुंदेलखंड क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के प्रति कम जागरूकता पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में सड़क हादसों की संख्या में 50 प्रतिशत की कमी लाने का स्पष्ट निर्देश दिया है। यह तभी संभव होगा जब जनता, छात्र, शिक्षक और बुद्धिजीवी वर्ग यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी से व्यवहार करेंगे। डी.के. सिंह ने घोषणा की कि जल्द ही पूरे झांसी परिक्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक सघन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर लोगों को यातायात नियमों के प्रति शिक्षित करेगा। उन्होंने बताया कि सर्दियों में कोहरे के दौरान रिफ्लेक्टर टेप न लगे होने के कारण सबसे अधिक हादसे होते हैं। ऐसे वाहनों की जांच कर रिफ्लेक्टर लगवाए जाएंगे और बिना रिफ्लेक्टर वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि परिवहन विभाग सड़कों का ‘पहरेदार’ बनकर काम करेगा। विभाग लोगों को यातायात नियमों का पालन कराने के लिए हर संभव प्रयास करेगा, ताकि हादसों में कमी लाई जा सके और जनहानि को रोका जा सके।


https://ift.tt/fz8Gvwo

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *