DniNews.Live

गोरखपुर में सरयू नदी में डूबे किशोर का शव बरामद:गोला के देवई-पीपर में 36 घंटे बाद बरामद, एसडीआरएफ ने चलाया अभियान

गोला थाना क्षेत्र के देवई पीपर गांव में सरयू नदी में डूबे 14 वर्षीय अमन का शव घटना के लगभग 36 घंटे बाद गुरुवार सुबह बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, अमन मंगलवार शाम अपने दोस्तों के साथ सरयू नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में लापता हो गया, जिससे उसके डूबने की आशंका जताई गई। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। दोस्तों की निशानदेही पर नदी किनारे अमन के कपड़े मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने रात में ही खोजबीन शुरू कर दी थी। बुधवार तड़के एसडीआरएफ (SDRF) टीम ने मौके पर पहुंचकर स्टीमर के जरिए सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन पूरे दिन के प्रयासों के बावजूद सफलता नहीं मिली। टीम देर शाम वापस लौट गई थी और अगले दिन फिर से अभियान चलाने की बात कही थी। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों ने घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर रकौली के गोडियाना घाट के पास नदी किनारे एक शव देखा। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों और पुलिस ने शव की पहचान अमन के रूप में की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अमन अपने दो भाइयों में छोटा था और कक्षा चार का छात्र था। उसके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में खाड़ी देश में रहते हैं और मौजूदा हालात के कारण घर नहीं पहुंच पा रहे हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार सदमे में है। नायब तहसीलदार जय प्रकाश और थाना प्रभारी राकेश रौशन सिंह ने बताया कि एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन के संयुक्त प्रयास से सर्च अभियान चलाया गया था। शव मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *