DniNews.Live

पीलीभीत में विवाहिता को दहेज के लिए घर से निकाला:पति, सास-ससुर समेत 9 लोगों पर पुलिस ने दर्ज किया केस

पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति, सास, जेठ और ननद सहित परिवार के नौ सदस्यों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट करने, भूखा रखने और जान से मारने की धमकी देकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव पुरैना निवासी गायत्री देवी (उर्फ हेमलता) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका विवाह 8 दिसंबर 2020 को भुजदेव पुत्र दामोदर शर्मा, निवासी ग्राम पसियापुर, थाना करेली, के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। पीड़िता के माता-पिता ने शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार लगभग 12 लाख रुपये खर्च किए थे, जिसमें 50 हजार रुपये नकद, फ्रिज, कूलर, एलसीडी टीवी, सोने की अंगूठी, चेन, मंगलसूत्र और लगभग 500 ग्राम चांदी के जेवर शामिल थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग दिए गए दहेज से असंतुष्ट हो गए। पीड़िता के अनुसार, उनके पति भुजदेव, सास वृजरानी, जेठ अनिल, शिवा, सौरभ, जेठानियां नीतू, संगीता व सुनीता और ननद नीलम देवी ने अतिरिक्त दहेज के रूप में 10 लाख रुपये नकद और निगोही (शाहजहांपुर) में 200 वर्ग गज के आवासीय प्लॉट की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर गायत्री देवी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा और कई-कई दिनों तक भूखा-प्यासा रखा गया। घटना के अनुसार, 18 जुलाई 2024 को आरोपियों ने एक बार फिर दहेज की मांग को लेकर गायत्री देवी के साथ अभद्र गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। आरोप है कि ससुरालियों ने पीड़िता के पहने हुए सभी जेवरात जबरन छीन लिए और उसे धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता किसी तरह अपने मायके पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। थाना अध्यक्ष प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *