DniNews.Live

लखनऊ में अस्पताल में महिला मरीज से बैड-टच:टॉयलेट गई महिला मरीज से वार्ड बॉय ने की छेड़छाड़; चिल्लाने पर घबराकर भागा

लखनऊ के निराला नगर स्थित विवेकानंद हॉस्पिटल में गुरुवार देर रात महिला मरीज से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल के वार्ड बॉय अनीस ने न्यूरो वार्ड में भर्ती महिला के साथ उस समय अभद्रता की, जब वह टॉयलेट गई हुई थी। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों को मामले की जानकारी हुई। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो टॉयलेट का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खुलने पर आरोपी वार्ड बॉय घबराया हुआ बाहर निकलता दिखा, जिससे शक और गहरा गया। पीड़िता के परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। महानगर एसीपी अंकित कुमार के मुताबिक, परिजनों की तहरीर पर छेड़छाड़ की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। वहीं पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने सफाई देते हुए कहा कि वह सिगरेट पीने के लिए गया था। हालांकि पुलिस उसके बयान की सत्यता की जांच कर रही है।
इधर, घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने आरोपी वार्ड बॉय को नौकरी से निकाल दिया है। मामले को लेकर अस्पताल परिसर में हड़कंप मचा हुआ है। मरीजों और उनके परिजनों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *