सोनभद्र में आकाशीय बिजली से दो बैलों की मौत:खेती का मुख्य सहारा थे, प्रशासन से मुआवजे की मांग
सोनभद्र के विकासखंड दुद्धी के गांव गुलाल झरिया में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान के दो बैलों की मौत हो गई। किसान श्याम सुंदर के बैल खेत में बंधे थे। बिजली गिरने से दोनों बैल मौके पर ही ढेर हो गए। घटना के समय पास में बंधी दो गाय की बछियां बाल-बाल बच गईं। श्याम सुंदर ने बताया कि ये बैल उनकी खेती का मुख्य सहारा थे। इनकी मौत से उन्हें बड़ी आर्थिक क्षति हुई है। ग्रामीणों के अनुसार खेत जोतने और अन्य कृषि कार्यों में इन्हीं बैलों का उपयोग होता था। ग्राम प्रधान त्रिभुवन यादव ने घटना की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल महेंद्र यादव और पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रूद्रेश यादव को दे दी है। अधिकारियों ने प्रभावित परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। गांव के बुजुर्गों ने इसे प्राकृतिक आपदा बताया है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक मदद देने की मांग की है। इससे परिवार अपनी आजीविका फिर से संभाल सकेगा।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply