अयोध्या जिले के मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय जनता पार्टी के विधायक चंद्रभानु पासवान के प्रयासों के बाद हलियापुर प्रमुख जिला मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य को शासन की स्वीकृति मिल गई है। लगभग 38 किलोमीटर लंबी इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण 71 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। यह सड़क अमानीगंज क्षेत्र की मुख्य जीवनरेखा मानी जाती है। यह अयोध्या-लखनऊ हाईवे और अयोध्या-रायबरेली हाईवे को जोड़ती है। इस मार्ग के दोनों ओर सैकड़ों गांव बसे हैं, जिससे प्रतिदिन लगभग 5000 लोगों का आवागमन होता है। खंडासा बाजार, अमानीगंज महात्मा गांधी चौराहा और बहादुरगंज सहित कई प्रमुख बाजारों तक पहुंचने के लिए भी यह सड़क बेहद महत्वपूर्ण है। गौरतलब है कि यह मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। लोक निर्माण विभाग द्वारा बीच में पैचिंग का कार्य कराया गया था, लेकिन वह ज्यादा समय तक नहीं टिक पाया। सड़क की हालत फिर खराब हो गई थी, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रीय जनता लंबे समय से इस सड़क के पुनर्निर्माण की मांग कर रही थी। विधायक चंद्रभानु पासवान ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष उठाया। इसके बाद शासन ने इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 71 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की। इस परियोजना के शुरू होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। स्थानीय लोगों में इस फैसले को लेकर खुशी है और वे जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जता रहे हैं।

Leave a Reply