DniNews.Live

चंदौली में रामनवमी पर शोभायात्रा निकाली गई:विश्व हिंदू महासंघ ने किया आयोजन, जय श्रीराम के लगे नारे

चंदौली में रामनवमी पर्व के अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ द्वारा एक शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा नगर पंचायत स्थित श्री हनुमान जी मंदिर से शुरू होकर विभिन्न वार्डों से होते हुए शंकर मोड़ स्थित माता सती मंदिर पर समाप्त हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग हाथों में भगवा ध्वज लिए ‘जय श्री राम’ और ‘हर हर महादेव’ का जयघोष करते हुए पैदल चल रहे थे। जिला प्रभारी वीर बहादुर मौर्य ने बताया कि भारतीय संस्कृति विश्व की सबसे प्राचीन संस्कृति है। उन्होंने रामनवमी पर्व को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक बताया और कहा कि हिंदू नववर्ष की शुरुआत चैत्र नवरात्र से होती है। पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी और भाजपा नेता ओम प्रकाश सिंह उर्फ ओपी सिंह ने सभी हिंदुओं से चैत्र नवरात्र में आने वाले अपने नववर्ष को मनाने का आह्वान किया। उन्होंने सनातन संस्कृति को हिंदुओं की अनमोल धरोहर बताते हुए कहा कि सनातन धर्म में विश्व के कल्याण और शांति की कामना की जाती है। उन्होंने नवरात्र को नारी शक्ति की पूजा का उत्सव बताया, जहां कन्या पूजन और महिलाओं का सम्मान किया जाता है। समाजसेवी एवं भाजपा नेता संतोष गुप्ता ने सनातन धर्म पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि इसमें संसार के सभी प्राणियों की रक्षा का संकल्प लिया जाता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि महिलाओं और बालिकाओं की पूजा सनातन संस्कृति में ही की जाती है। उन्होंने सभी लोगों को हिंदू नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर गोपाल सिंह, विनीता अग्रहरि, अभिषेक जायसवाल, जयप्रकाश गुप्ता, धनजी गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, राकेश गुप्ता, महेश कश्यप, संतोष गुप्ता, दिलीप जायसवाल सहित बड़ी संख्या में अन्य लोग उपस्थित रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *