जौनपुर में गुरुवार को पुलिस की संयुक्त टीम और हत्या के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान दो अभियुक्तों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से दो तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखे, एक मोटरसाइकिल और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है। यह मुठभेड़ बुधवार को जलालपुर क्षेत्र के सिरकोनी गांव में हुई एक हत्या के मामले से जुड़ी है। आशीष उर्फ चिघडू चौहान नामक व्यक्ति की एक दर्जन से अधिक लोगों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर बन्दीपुर गांव में फेंक दिया गया था। मृतक आशीष उर्फ चिघडू चौहान, जो जलालपुर के संघईपुर गांव का निवासी था, बुधवार को बन्दीपुर स्थित शराब ठेके के पास मौजूद था। तभी करीब एक दर्जन युवक वहां पहुंचे और उसे दौड़ाना शुरू कर दिया। आशीष अपनी जान बचाने के लिए सिरकोनी गांव में घुस गया और कई घरों में छिपने की कोशिश की। हालांकि, हमलावरों की धमकियों से ग्रामीण डर गए। अंततः, हमलावरों ने गांव के गुल्लू मौर्य के घर के पीछे एक मड़हे में आशीष पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर हमलावर आशीष का शव उठाकर बन्दीपुर गांव से हाईवे की ओर जाने वाली सड़क पर फेंक कर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले की जांच गुरुवार को शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से धनंजय चौहान उर्फ नन्दू, अविनाश चौहान, आदर्श चौहान (सभी संघईपुर, जलालपुर निवासी) और भोले चौहान (हीरापुर, जलालपुर निवासी) के नाम सामने आए, जो हत्या में शामिल थे। बुधवार रात को चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि इस मामले से जुड़े अभियुक्त भाऊपुर से त्रिलोचन की ओर आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस की गठित टीमों ने ग्राम ओईना के पास घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान, मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगने से वे घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान शिवशंकर चौहान (उम्र लगभग 26 वर्ष) और धनंजय चौहान उर्फ नन्दू (उम्र लगभग 20 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों संघईपुर, थाना जलालपुर, जौनपुर के निवासी हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो तमंचे (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस, दो खोखे, एक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल और हत्या में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply