दक्षिण अफ्रीका की राजधानी के निकट एक गैर-लाइसेंसी ‘बार’ में शनिवार को कई संदिग्धों द्वारा की गई गोलीबारी में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पीड़ितों में तीन, 12 और 16 साल के तीन बच्चे शामिल हैं।
दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सेवा के एक बयान के अनुसार 14 अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने घायलों की उम्र या उनकी स्थिति के बारे में कोई विवरण नहीं दिया।
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी शनिवार तड़के प्रशासनिक राजधानी प्रिटोरिया के पश्चिम में सॉल्सविले टाउनशिप के एक छात्रावास के भीतर एक ‘बार’ में हुई।
पुलिस ने बताया कि दस लोगों की मौके पर ही मौत हो गई तथा 11वें की अस्पताल में मौत हो गई।
इसने बताया कि मारे गए बच्चों में तीन वर्षीय एक बालक, 12 साल का एक लड़का और 16 साल की एक लड़की शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि वे तीन संदिग्धों की तलाश कर रहे हैं।
पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर एथलेंडा माथे ने राष्ट्रीय प्रसारक ‘एसएबीसी’ से कहा, ‘‘हमें बताया गया है कि कम से कम तीन अज्ञात बंदूकधारी इस छात्रावास में घुस आए, जहां कुछ लोग शराब पी रहे थे और उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी।’’
उन्होंने कहा कि इन हत्याओं का मकसद स्पष्ट नहीं है। उन्होंने बताया कि गोलीबारी तड़के लगभग चार बजकर 15 मिनट पर हुई, लेकिन पुलिस को सुबह छह बजे सूचना मिली।
उन्होंने कहा कि ‘बार’ में गोलीबारी एक गंभीर समस्या बनती जा रही है और पुलिस ने इस वर्ष अप्रैल से सितंबर के बीच 11,000 से अधिक अवैध शराबखानों को बंद कर दिया है तथा शराब की अवैध बिक्री में संलिप्तता के लिए 18,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।
https://ift.tt/hKiDVvZ
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply