पितृ पक्ष में वृद्धों का अनूठा सम्मान:हिंद मजदूर किसान समिति ने किया वृद्धों का चरण पूजन, अन्न-वस्त्र भेंट किए

मुजफ्फरनगर के ग्राम मौलाहेड़ी में पितृ पक्ष पर एक अनूठी परंपरा देखने को मिली। हिंद मजदूर किसान समिति ने शुक्रवार को जीवित वृद्धों का सम्मान समारोह आयोजित किया। कार्यकर्ताओं ने दर्जनों वृद्ध महिलाओं और पुरुषों के चरण धोए। उन्हें अन्न, जल, वस्त्र और दवाइयां भेंट कीं। समारोह की शुरुआत पंचोकार से हुई। समिति के मीडिया प्रवक्ता अमित सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रमोहन का संदेश पढ़ा। संदेश में कहा गया कि जीवित माता-पिता और वृद्ध ही सच्चे पितृ हैं। उनकी सेवा से जीवन के संकट दूर होते हैं। अमित सिंह ने पितृ पक्ष का वास्तविक अर्थ समझाया। उन्होंने कहा कि इन 15 दिनों में वृद्धों को समय देना चाहिए। उनकी जरूरतें पूरी करनी चाहिए। जैसे नवरात्रि में कन्या पूजन होता है, वैसे ही पितृ पक्ष में वृद्धों की सेवा जरूरी है। कार्यक्रम में विकास, ओमप्रकाश, मनीष, आशीष, गुड्डु, प्रवीण समेत कई कार्यकर्ताओं ने वृद्धों की सेवा की। इस भावपूर्ण आयोजन के दौरान कई वृद्धों की आंखें नम हो गईं। स्थानीय लोगों ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर