DniNews.Live

कोतवाली परिसर में युवती ने आत्मदाह का प्रयास किया:संतकबीर नगर में पुलिस ने बचाई जान, युवक पर कार्रवाई की मांग की

संतकबीर नगर में खलीलाबाद कोतवाली परिसर में एक युवती ने युवक पर कार्रवाई की मांग को लेकर आत्मदाह का प्रयास किया। युवती ने अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया, लेकिन माचिस जलाने से पहले ही एक महिला पुलिसकर्मी ने उसे पकड़ लिया और उसकी जान बचाई। इस घटना से कोतवाली परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर महिला एसओ मौके पर पहुंचीं और युवती को अपने साथ ले गईं। युवती का आरोप है कि एक युवक ने उससे शादी की, उसे दिल्ली और मुंबई में अपने साथ रखा, उसका गर्भपात कराया और अब उसे ठुकरा रहा है। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की 22 वर्षीय स्नातक युवती का तीन साल से गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। युवती के अनुसार, युवक ने वर्ष 2025 में उससे कोर्ट मैरिज की और फिर तामेश्वरनाथ मंदिर में भी शादी की। करीब छह माह पहले युवक उसे दिल्ली ले गया, और फिर दोनों मुंबई चले गए। इस दौरान युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब वह गर्भवती हुई, तो युवक ने उसकी मर्जी के खिलाफ गर्भपात करा दिया। एक सप्ताह पूर्व युवक ने उसे मुंबई से ट्रेन में बैठाकर घर भेज दिया। घर पहुंचकर युवती ने अपने परिजनों को पूरी आपबीती बताई। युवती ने पुलिस को बताया कि युवक के घर वाले उसे अपने साथ रहने नहीं दे रहे हैं और उसे धमकियां दे रहे हैं। युवक ने अपना मोबाइल बंद कर लिया है और वह पिछले छह दिनों से युवक के घर के बाहर टिनशेड में रह रही है। युवती का आरोप है कि उसने कई बार पुलिस से संपर्क किया, लेकिन जब उसकी बात नहीं सुनी गई, तो उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। युवती ने मांग की है कि पुलिस युवक को ढूंढे या उसके परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करे। इस संबंध में, कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने बताया कि महिला थाने की एसओ को बुलाकर युवती को काउंसलिंग के लिए महिला थाने भेजा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि युवती द्वारा बताए गए युवक के परिजनों को बुलाया जाएगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *