आजमगढ़ के लालगंज विधानसभा से दूसरी बार सपा विधायक बेचई सरोज ने कहा- आजादी के बाद वहनी गांव में 100 एकड़ से अधिक की जमीन पड़ती रह जाती थी। वहां आज तक ना तो बिजली पहुंची थी और ना ही पानी। मैंने अपने प्रयास से वहां पर नलकूप लगवाया और बिजली की व्यवस्था कराई। नाले के साथ-साथ इंटरलॉकिंग और किसानों की समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया गया। इतने काम के बाद भी लालगंज में अभी और काम करने की जरूरत है। विधायक बेचई सरोज ने दावा किया कि सरकार से मुझे कोई लाभ नहीं मिला। ऐसे में जो विधायक निधि है, उसी से ही विधानसभा क्षेत्र में निर्माण काम कराए गए। चार साल के कार्यकाल और विकास कामों को लेकर दैनिक भास्कर ने बेचई सरोज से बात की। पढ़िए सवाल-जवाब… सवाल: पिछले 4 वर्ष के अपने कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे? जवाब: हमने नाले नालियों, सड़कें, इंटरलॉकिंग के साथ बिजली की समस्या और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को चुस्त दुरुस्त करने का काम किया। अपने विधानसभा क्षेत्र में कई लोगों का पैसा देकर इलाज कराया। कुछ दिन पहले ही एक लड़के को तीन लाख रुपए देकर इलाज कराया। आजादी के बाद वहनी गांव में 100 एकड़ से अधिक की जमीन पड़ती रह जाती थी। वहां आज तक ना तो बिजली पहुंची थी और ना ही पानी। मैंने अपने प्रयास से वहां पर नलकूप लगवाया और बिजली की व्यवस्था कराई। विकास कामों को लेकर हमने कोई कसर नहीं छोड़ी है। बाकी नंबर देने का काम जनता का है। सवाल: पिछले 4 वर्षों में सबसे बड़ा काम जो आपने कराया हो? जवाब: केजरीपुर से बेलऊ मार्ग आजादी के बाद 50 वर्षों से बदहाल हो गया था। 50 से अधिक गांव के लोग उसे रास्ते से आते जाते थे। ऐसे में 62 लाख रुपए अपनी विधायक निधि से देकर उस सड़क को संवारने का काम किया। किसानों को किसी तरह की समस्या ना हो, ऐसे में 50 से अधिक गांव में बिजली देने का काम किया। इसके साथ ही 10 केवीए के 25 और 25 केवीए, 63 केवीए के एक दर्जन से अधिक ट्रांसफर चेंज कराने का भी काम किया गया। सवाल: ऐसा कौन सा काम जिसे आप नहीं करा पाए हैं? जवाब: अभी बहुत काम अधूरे हैं। लालगंज में 100 बेड का हॉस्पिटल जो सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव द्वारा 40 करोड़ की लागत से बनवाया गया था। लेकिन, बीच में बंद हो गया। मेरे प्रयास से मामले को सदन में उठाया गया और अस्पताल शुरू भी हुआ। डॉक्टर आ गए, पर मशीन और हार्ट किडनी और दांतों के सर्जन अभी तक नहीं आए। आज वहां पर 1000 से अधिक की ओपीडी चलती है। ऐसे में सरकार आते ही अस्पताल की व्यवस्था चुस्त दुरुस्त करूंगा। सवाल: क्या 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदार हैं? जवाब: 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तैयारी हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार अपनी विधानसभा में जनता के सुख-दुख में लगातार दौड़ लगा रहा हूं। इसके बाद जो भी अधूरे विकास काम हैं। उन्हें पूरा करने का काम किया जाएगा।

Leave a Reply