लखनऊ के महर्षि नगर, सेमरा गौढी में 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया है। कुर्सी रोड स्थित गायत्री शक्तिपीठ, लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित इस महायज्ञ का उद्देश्य भावी पीढ़ी को संस्कारवान बनाना और समाज में सत्प्रवृत्तियों को बढ़ावा देना है। आयोजन समिति के अनुसार, प्रतिदिन बड़ी संख्या में साधक इसमें भाग ले रहे हैं, जिसमें महिलाओं की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। महायज्ञ के दूसरे दिन यज्ञ परिसर में दीक्षा, यज्ञोपवीत, विद्यारंभ और जन्मदिन जैसे संस्कार विधि-विधान से संपन्न कराए गए। इस दौरान महिलाओं ने भी यज्ञोपवीत धारण कर समाज में समानता और गरिमा को बढ़ावा देने का संदेश दिया। आयोजकों ने बताया कि संस्कारों की यह श्रृंखला अंतिम दिन भी जारी रहेगी, जिससे अधिक लोग लाभान्वित हो सकेंगे। 24 हजार दीप प्रज्वलित कर गायत्री दीपमहायज्ञ सांयकालीन बेला में एक अद्वितीय दृश्य देखने को मिला, जब हजारों महिलाएं अपने घरों से पाँच-पाँच दीप लेकर यज्ञ स्थल पहुँचीं। कुल 24 हजार दीप प्रज्वलित कर गायत्री दीपमहायज्ञ को भव्य रूप दिया गया। दीपों की जगमगाहट के बीच श्रद्धालुओं ने धरती से दुष्प्रवृत्ति रूपी अंधकार को मिटाने और सद्मार्ग अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान पूरा क्षेत्र गायत्री मंत्र और भजन-कीर्तन से गूंज उठा। ब्रह्मवादिनी टोली की नायक सविता ने इस अवसर पर कहा कि नारी सशक्तिकरण के बिना समाज सुधार की परिकल्पना अधूरी है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को धर्म, शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में नेतृत्व करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे घर-परिवार और समाज दोनों में सकारात्मक ऊर्जा का विस्तार होगा। 7 दिसंबर को 24 कुण्डीय यज्ञ की पूर्णाहुति होगी कार्यक्रम की संचालक मीरा तिवारी ने उपस्थित भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि 7 दिसंबर को 24 कुण्डीय यज्ञ की पूर्णाहुति होगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से उस दिन भी बड़ी संख्या में पहुँचने का आग्रह किया। मीडिया प्रभारी इंद्रेश कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि यज्ञ के दौरान पर्यावरण संरक्षण, व्यसनमुक्ति, बेटी शिक्षा और चरित्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण संदेश समाज तक पहुँचाए जा रहे हैं।
https://ift.tt/KodF4fp
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply