लखनऊ के मदयगंज थाना क्षेत्र के खदरा स्थित दीनदयाल नगर में बेखौफ बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शराब दुकानों से कलेक्शन कर लौट रहे सेल्समैन पर हमला कर करीब 10 लाख रुपये लूट लिए। खदरा निवासी शराब कारोबारी आरके जायसवाल ने बताया कि उनका कर्मचारी हर्ष 11 दुकानों से कलेक्शन लेकर घर लौट रहा था। घर से महज 100 मीटर पहले ही 5-6 अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों के पास असलहा, चाकू और बाइक के शॉकर की रॉड थी। विरोध करने पर बदमाशों ने हर्ष पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
इसके बाद बदमाश रुपयों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायल हर्ष को तुरंत बलरामपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। CCTV खंगाल रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज किया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। इलाके में दहशत का माहौल दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply