बिजनौर के धामपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई सराय निवासी 26 वर्षीय युवक शाहबाज की दिल्ली में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। वह जयपुर से लौटते समय एक टूरिस्ट बस में सवार था, जो बुधवार तड़के पलट गई। यह हादसा दिल्ली के करोल बाग स्थित झंडेवालान के पास हुआ। शाहबाज अपने दोस्त और कुछ रिश्तेदारों के साथ जयपुर घूमने गए थे। हादसे में शाहबाज की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शाहबाज, पुत्र शमशेर अली, धामपुर क्षेत्र में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाता था। वह दो दिन पहले अपने दोस्त और रिश्तेदारों के साथ जयपुर घूमने गया था। मंगलवार रात वे जयपुर से दिल्ली के लिए एक स्लीपर कोच टूरिस्ट बस में सवार हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बुधवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो परिवार में मातम छा गया।

Leave a Reply