सुल्तानपुर में धन धन श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व को समर्पित प्रभात फेरी का तीसरा दिन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। प्रभात फेरी का शुभारंभ रविवार सुबह गुरुद्वारा साहिब से किया गया। संगत का पावन जत्था शबद-कीर्तन करते हुए सर्वप्रथम कमलजीत सिंह बग्गा और आकाश बग्गा के निवास स्थान पर पहुंचा। यहां संगत का फूलों की वर्षा से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। गुरमत वातावरण में मधुर शबद-कीर्तन का आयोजन हुआ और परिवार द्वारा चाय-नाश्ते की सेवा की गई। इसके बाद प्रभात फेरी पंजाबी कॉलोनी स्थित माता प्रीतम कौर (भारत टेंट हाउस) के घर पहुंची। यहां भी संगत ने फूलों की वर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया। परिवार द्वारा संगत के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की गई, जिसमें सभी ने प्रेमपूर्वक भाग लिया। पूरी प्रभात फेरी के दौरान गुरु के जयकारों और “सतनाम वाहेगुरु” के पावन जाप से नगर का वातावरण गूंजता रहा। संगत में शामिल महिलाओं द्वारा शबद-कीर्तन का निरंतर प्रवाह जारी रहा। श्रद्धालुओं ने “जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल” के जयकारे लगाए और प्रेम, भक्ति व एकता का संदेश दिया। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर यह उत्सव पखवाड़े भर चलेगा। आगामी 2 नवंबर को नगर कीर्तन निकाला जाएगा। श्री गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा इस आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गुरुद्वारा और नगर में विविध आयोजन किए जाएंगे।
https://ift.tt/C9UuQlv
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply