बलिया कलेक्ट्रेट में शनिवार को निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के सदस्यों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी को संबोधित एक मांग पत्र उनके प्रतिनिधि को सौंपा। पार्टी सदस्यों ने कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद के खिलाफ कथित तौर पर असत्य दुष्प्रचार और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी कमलेश सिंह की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद के विरुद्ध कुछ व्यक्तियों द्वारा लगातार भड़काऊ, असत्य और तोड़-मरोड़कर बयानबाजी की जा रही है। निषाद पार्टी के अनुसार, इसी क्रम में करणी सेना के जिलाध्यक्ष कमलेश सिंह ने मंत्री डॉ. संजय निषाद की जीभ काटने और उन्हें शारीरिक क्षति पहुंचाने की खुलेआम धमकी दी है। पार्टी ने इस कृत्य को लोकतंत्र और कानून व्यवस्था के विपरीत तथा सामाजिक सौहार्द भंग करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना से निषाद समाज में रोष है और ऐसी बयानबाजी से कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा उत्पन्न हो गया है। पार्टी सदस्यों ने मांग की कि करणी सेना के जिलाध्यक्ष कमलेश सिंह को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। उनके विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शीघ्र चार्जशीट दाखिल की जाए।
उन्होंने मंत्री डॉ. संजय निषाद और निषाद समाज के पदाधिकारियों के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की भी मांग की। इसके अतिरिक्त, सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर हो रहे दुष्प्रचार पर तुरंत रोक लगाने और निगरानी बढ़ाने की अपील की गई। इस प्रदर्शन के दौरान निषाद पार्टी के प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र निषाद, जिलाध्यक्ष शिव नारायण निषाद, डॉ. चंद्रमा निषाद, डॉ. स्वामीनाथ निषाद, देवेंद्र निषाद, जल प्रकाश साहनी, रूनी देवी और सुमन देवी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
https://ift.tt/7LHiwW6
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply