हापुड़ के मोदीनगर रोड पर बुधवार रात पुलिस ने एक ट्रक से एफसीआई (भारतीय खाद्य निगम) का चावल उतारते हुए छापा मारा। पुलिस को देखते ही कुछ लोग सात बोरे सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद जिला पूर्ति विभाग और पुलिस की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मोदीनगर रोड स्थित पेपर मिल के सामने एफसीआई के खाद्यान्न से भरा एक ट्रक आकर रुका था। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रक से कुछ लोग बोरियां उतार रहे थे। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही ट्रक चालक और अन्य लोग अफरातफरी में चावल से भरे बोरों को छोड़कर भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडे और जिला पूर्ति विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से बोरियों को जब्त कर लिया है। जब्त की गई बोरियों पर एफसीआई की मुहर लगी हुई है। इसके बाद वहां हड़कंप मच गया। कोतवाली प्रभारी विनोद पांडेय ने बताया कि पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। लिखित शिकायत के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply