DniNews.Live

विधायक एमपी आर्य बोले-टिकट भी मिलेगा और जीत भी पक्की:अटल आवासीय विद्यालय और पुल-सड़कों से तस्वीर बदली, बस स्टैंड का काम जल्द शुरू होगा

बरेली के नवाबगंज से भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्य ने कहा कि पार्टी इस बार भी उन पर ही भरोसा जताएगी और उनकी जीत पक्की है। उन्होंने अपने कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि क्षेत्र में पुल, सड़क और स्कूलों का अभूतपूर्व निर्माण कराया गया है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि नवाबगंज में रोडवेज बस स्टैंड का वादा अभी पूरा नहीं हो पाया है, लेकिन वह योजना पाइपलाइन में है और जल्द धरातल पर उतरेगी। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले दैनिक भास्कर ने विधायक डॉ. एमपी आर्य से बातचीत की, पढ़ें सवाल-जवाब… सवाल- आप अपने 4 साल के काम को 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब- मैंने बीते चार वर्षों में जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए दिन-रात काम किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में जो सुधार हुए हैं, उनके आधार पर मैं अपने काम को 10 में से 10 नंबर दूंगा। सवाल- आपने कौन-कौन से बड़े काम कराए हैं?
जवाब- नवाबगंज विधानसभा में 2017 से ही विकास की धारा बह रही है। स्वर्गीय विधायक केसर सिंह के समय से शुरू हुए कार्यों को मैंने और गति दी है। 2017 से पहले यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर बेहद जर्जर था, लेकिन आज चारों तरफ सड़कों का जाल बिछा है। भदपुरा और नवाबगंज ब्लॉक की मुख्य सड़कों का चौड़ीकरण किया गया है। अमीन नगर जैसे गांव के लिए 18 करोड़ की लागत से पुल बनवाया, जो बरसात में मुख्य क्षेत्र से कट जाता था। इसके अलावा 72 करोड़ की लागत से 15 एकड़ में बना ‘अटल आवासीय विद्यालय’ श्रमिकों के बच्चों के लिए वरदान साबित हो रहा है। क्षेत्र में एक मिनी स्टेडियम बन चुका है और दूसरे के लिए भदपुरा में जमीन तलाशी जा रही है। शिक्षा के क्षेत्र में हाफिजगंज और सेंथल में तीन बालिका विद्यालय और भदपुरा में डिग्री कॉलेज शुरू कराया गया है। सबसे महत्वपूर्ण काम पॉलिटेक्निक कॉलेज का रहा, जिसकी बिल्डिंग 10 साल से खंडहर हो रही थी, मैंने 5.25 करोड़ रुपए स्वीकृत कराकर उसे पूर्ण कराया है, जिसका जल्द ही उद्घाटन होगा। सवाल- सबसे बड़ा काम आपने कौन सा कराया?
जवाब- मेरी नजर में ‘अटल आवासीय विद्यालय’ का निर्माण सबसे बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ ही क्षेत्र की लाइफलाइन माने जाने वाले कई पुल-पुलिया बनवाए गए हैं। भविष्य के लिए मैंने सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव दिया है, जिससे स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा। सवाल- ऐसा कौन सा काम है जो आप कर नहीं पाए?
जवाब- नवाबगंज में रोडवेज बस स्टैंड बनवाने की मेरी घोषणा अभी तक धरातल पर नहीं उतर सकी है। लेकिन मैं क्षेत्र की जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि यह प्रोजेक्ट पाइपलाइन में है और अगले एक साल के भीतर इसका काम शुरू होने की पूरी संभावना है। सवाल- इस बार क्या आप टिकट के दावेदार हैं?
जवाब- निश्चित रूप से मैं ही टिकट का प्रबल दावेदार हूं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि पार्टी मेरे काम पर मुहर लगाएगी। मुझे पूरा विश्वास है कि टिकट भी मिलेगा और नवाबगंज की जनता के आशीर्वाद से जीत भी हासिल होगी। सवाल- यूजीसी कानून को लेकर आपका क्या कहना है, क्या इससे भाजपा को नुकसान होगा?
जवाब- यूजीसी को लेकर जिस तरह का माहौल बनाया गया, वह वास्तविकता से परे है। इसे राजनीतिक रूप से ज्यादा तूल दिया गया है। इसमें सरकार की मंशा सिर्फ समानता लाना है। मुझे नहीं लगता कि इसका कोई नकारात्मक प्रभाव या नुकसान चुनाव पर पड़ेगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *