बरेली के आंवला से विधायक और कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कामों को ‘संकल्प से सिद्धि’ की मिसाल बताया। उन्होंने कहा- आंवला विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। हमनें यहां तीन बड़ी इंडस्ट्रियल इकाइयां स्थापित कराई हैं। इसमें 1000 करोड़ की डेयरी इंडस्ट्री, एथेनॉल प्लांट और चीनी मिल शामिल हैं। विधानसभा 2027 के चुनाव से पहले विधायक ने क्या किया? इन मुद्दों पर दैनिक भास्कर ने धर्मपाल सिंह से बातचीत की। आगे पढ़िए सवाल-जवाब… सवाल: आंवला में कौन कौन से बड़े काम आपने कराए हैं?
जवाब: आंवला विधानसभा आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है। यहां तीन बड़ी इंडस्ट्रियल इकाइयां स्थापित हुई हैं। इसमें 1000 करोड़ की डेयरी इंडस्ट्री, एथेनॉल प्लांट और चीनी मिल शामिल हैं। ये तीनों फैक्ट्रियां सीधे तौर पर किसानों से जुड़ी हैं। हमारा मानना है कि किसान सुखी तो सब सुखी। इन उद्योगों से न केवल आंवला, बल्कि पूरे बरेली मंडल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों के जीवन में संपन्नता आएगी। सवाल: आपके कार्यकाल का अब तक का सबसे बड़ा काम कौन सा रहा है?
जवाब: हमारा सबसे बड़ा गौरव यह है कि हमने आंवला के सभी 350 गांवों को मुख्यधारा से जोड़ा है। आज हर गांव तक पक्की सड़क है, शत-प्रतिशत बिजली पहुंच चुकी है और हर क्षेत्र में बेहतर स्कूल और स्वास्थ्य सेवाओं का प्रबंध सुनिश्चित किया गया है। सवाल: योगी सरकार के इन 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश में क्या बड़े बदलाव आए हैं?
जवाब: इन 9 वर्षों का सफर ‘संकल्प से सिद्धि’ का रहा है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की जीडीपी मात्र 13 लाख करोड़ थी, जो आज बढ़कर 36 लाख करोड़ हो गई है। पहले राज्य में केवल 2 एक्सप्रेस-वे थे, आज 22 पर काम हो रहा है। हमने एयरवेज, रेलवे और रोडवेज-तीनों दिशाओं में चौमुखी विकास किया है। उत्तर प्रदेश, जिसे कभी ‘बीमारू राज्य’ कहा जाता था, आज कानून व्यवस्था में देश का सर्वोत्तम राज्य है जिसका अनुकरण दूसरे प्रदेश भी कर रहे हैं। सवाल: प्रदेश में गैस की किल्लत को लेकर कुछ चिंताएं हैं, इसका क्या समाधान है?
जवाब: वैश्विक परिस्थितियों के कारण कुछ चुनौतियां जरूर हैं, लेकिन हम हाथ पर हाथ धरकर नहीं बैठे हैं। हमने बरेली जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि हम गाय के गोबर से CBG (कंप्रेस्ड बायो-गैस) और PNG बनाने की दिशा में तेजी से बढ़ रहे हैं। गोबर को रिफाइन कर गैस बनाई जाएगी और इसे पाइपलाइन व सिलेंडरों के जरिए घरों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही, ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के खिलाफ प्रशासन को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सवाल: विपक्ष अक्सर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाता है, आप इसे कैसे देखते हैं?
जवाब: अब प्रदेश में ढोंगियों और भोगियों के दिन लद चुके हैं, यहां सिर्फ योगियों का राज चलेगा। अखिलेश यादव के शासन में ‘त्राहि-त्राहि’ मची थी। आज अपराधियों में खौफ है। जैसा कि मुख्यमंत्री जी ने सदन में कहा था, अगर कानून व्यवस्था का हाल जानना है तो बरेली के ‘मुल्ला’ से जाकर पूछ लो। आज अपराधी गले में तख्ती लटकाकर माफी मांगते नजर आते हैं। सवाल: वाराणसी में गंगा किनारे इफ्तार और नवदुर्गा के आयोजनों पर आपकी क्या राय है?
जवाब: हमारा देश धर्मनिरपेक्ष है और यहां सभी को अपने धर्म के पालन की आजादी है। आज नवदुर्गा और रोजा साथ-साथ चल रहे हैं, यह हमारी सुदृढ़ कानून व्यवस्था का ही प्रतीक है कि कहीं कोई बाधा नहीं है। लेकिन जो भी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होगा या भारत माता के प्रति सम्मान नहीं रखेगा, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply