रायबरेली में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करने के लिए एक सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया। भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा पी.एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित इस शिविर के दूसरे दिन 207 दिव्यांगजनों को कुल 432 सहायक उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक अदिति सिंह, सलोन विधायक अशोक कुमार, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सहायक प्रबंधक एलिम्को सुरेंद्र सिंह और जिला पंचायत सदस्य राघवेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। शिविर में विकास खंड अमावां और छतोह के दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के उपकरण दिए गए। इनमें 22 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 102 ट्राईसाइकिल, 28 फोल्डिंग व्हीलचेयर, 208 बैसाखी, 14 वॉकिंग स्टिक (छड़ी), 01 सीपी चेयर, 02 ब्रेल केन, 01 ब्रेल किट, 21 सुगम्य केन और 16 श्रवण यंत्र (कान की मशीन) शामिल थे। सदर विधायक अदिति सिंह ने इस अवसर पर कहा कि सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा में शामिल करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। उन्होंने जोर दिया कि सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। विधायक अशोक कुमार ने कहा कि दिव्यांगजन समाज के सम्मानित और अभिन्न अंग हैं, जिनमें असीम संभावनाएं छिपी होती हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु अनेक योजनाएं संचालित हैं, जिनका उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और मुख्यधारा से जोड़ना है। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने जानकारी दी कि जनपद में दिव्यांगों को चिन्हित कर सूची तैयार की जा रही है, ताकि कोई भी पात्र दिव्यांगजन सहायक उपकरणों से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के सहयोग से अमावां से 71 और छतोह से 136, कुल 207 पंजीकृत दिव्यांगजन लाभार्थियों को 432 सहायक उपकरण वितरित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने यह भी आश्वस्त किया कि जो लाभार्थी अभी लाभ से वंचित रह गए हैं, उन्हें भी शीघ्र ही सहायक उपकरण दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी/दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी सृष्टि अवस्थी, जिला विद्यालय निरीक्षण संजीव कुमार सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
https://ift.tt/c05vuew
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply