भास्कर न्यूज | विभूतिपुर प्रखंड की आलमपुर कोदरिया पंचायत स्थित पैक्स में डीएपी और अन्य उर्वरकों को सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर बेचे जाने के आरोपों की जांच करने पहुंची टीम को शुक्रवार की शाम आक्रोशित किसानों का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे तक किसानों ने जांच दल को घेरकर अपना विरोध जताया और पैक्स अध्यक्ष पर मनमानी का आरोप लगाया। दरअसल, पैक्स अध्यक्ष सुनील कुमार पर यह आरोप है कि वह सरकारी मूल्य 1350 रुपये के बदले एक बोरा डीएपी उर्वरक की कीमत 1600 रुपये मांगे। इस संबंध में 43 किसानों ने हस्ताक्षरयुक्त लिखित शिकायत वरीय अधिकारियों से की थी। इसी शिकायत पर शुक्रवार की शाम विभूतिपुर बीएओ धीरज कुमार, कृषि समन्वयक सह पंचायत उर्वरक निरीक्षक कैलाश प्रसाद और कृषि समन्वयक रतिकांत कुमार जांच करने पहुंचे थे। जांच के दौरान आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में जुट गए। किसान अमरजीत कुमार सिंह ने बताया कि जांच टीम ने उनसे जमीन के कागजात का लगान रसीद और वंशावली मांगी, जिसे उन्होंने दिखा दिया। लेकिन मौके पर मौजूद अन्य किसानों ने इस प्रक्रिया पर आक्रोश जताया। किसानों ने बीएओ और पंचायत उर्वरक निरीक्षक से मांग की कि उचित मूल्य पर डीएपी कब मिलेगा, यह सुनिश्चित किया जाए। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि पैक्स अध्यक्ष द्वारा चिन्हित लोगों को ही मनमानी तरीके से 2-2 या 3-3 बोरा डीएपी दिया जाता है, जबकि उनसे कौन से कागजात लिए जाते हैं, यह स्पष्ट नहीं है। आक्रोशित किसानों ने तो बीएओ और पंचायत उर्वरक निरीक्षक पर पैक्स अध्यक्ष से मिलीभगत का भी आरोप लगाया। जांच अधिकारी के समक्ष किसान संजय कुमार ने कहा कि पैक्स अध्यक्ष ने उनसे पीओएस मशीन से एक बोरा डीएपी का उठाव कर लिया और विक्रय पंजी पर हस्ताक्षर भी करवा लिया। इसके बावजूद सरकारी मूल्य 1350 के बदले 1600 रुपये मांगे गए, जबकि संजय ने 1350 रुपये पर ही डीएपी देने की मांग की, जिसे पैक्स अध्यक्ष ने इंकार कर दिया। काफी देर हंगामे के बाद, बीएओ धीरज कुमार ने आक्रोशित किसानों को बताया कि पैक्स में डीएपी का भंडारण शून्य बता रहा है। उन्होंने दूसरे जगह से जल्द ही उर्वरक उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए। किसानों के शांत होने के बाद जांच टीम पैक्स गोदाम की जांच करने चली गई। इस संबंध में पूछे जाने पर बीएओ धीरज कुमार ने बताया कि क्रमवार जांच चल रही है और जांच रिपोर्ट वरीय पदाधिकारी को भेजी जाएगी।
https://ift.tt/xZqfLTB
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply