सीतापुर के सकरन क्षेत्र में गन्ना क्रय केंद्र ऊंचगांव प्रथम पर शुक्रवार दोपहर बाद एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया। जब गन्ना उतराई के नाम पर की जा रही अवैध वसूली का विरोध कर रहे किसानों को चीनी मिल के सीसीओ द्वारा गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया। वहीं धमकी से आक्रोशित किसानों ने सीसीओ को क्रय केंद्र से दौड़ा लिया। जिसके बाद वह मौके से भाग निकले। बाद में डीसीओ के आश्वासन पर किसानों ने तौल पुनः शुरू करने पर सहमति जताई। मामले के अनुसार ऊंचगांव प्रथम में दि किसान सहकारी मिल महमूदाबाद का क्रय केंद्र संचालित है। यहां मजदूरों द्वारा लंबे समय से किसानों से प्रति ट्राली 150 से 200 रुपए तक की वसूली उतराई शुल्क के नाम पर की जा रही थी। लगातार शिकायतों के बावजूद वसूली नहीं रुकी तो किसानों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। बुधवार को मजदूरों ने किसानों का विरोध देखते हुए गन्ने की तौल ही बंद कर दी। जिससे सैकड़ों क्विंटल गन्ने से भरी ट्रालियां क्रय केंद्र पर खड़ी रह गईं और गन्ना सूखने लगा। किसानों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए शुक्रवार को चीनी मिल के सीसीओ सुभाष चंद्र पांडेय क्रय केंद्र पहुंचे। यहां वसूली का विरोध कर रहे किसानों से उनकी तीखी नोकझोंक हुई। आरोप है कि इस दौरान सीसीओ ने किसानों को पिस्टल से गोली मारने की धमकी दे डाली। यह सुनते ही किसान उग्र हो उठे और उन्होंने सीसीओ को दौड़ा लिया, जिसके बाद वह किसी तरह जान बचाकर क्रय केंद्र से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में किसान सचिन दीक्षित, राकेश मौर्य, रामसनेही, रामलाल बारी, रमेश मौर्या, हलधर तिवारी, श्रीकेशन, ईश्वरदीन, विनोद सहित अन्य क्रय केंद्र पर धरने पर बैठ गए और तौल बंद होने का विरोध शुरू कर दिया। डीसीओ रत्नेश्वर त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने की कोशिश की। किसानों ने मांग रखी कि सीसीओ के खिलाफ कार्रवाई हो और उतराई की अवैध वसूली पूरी तरह बंद की जाए। डीसीओ द्वारा दोनों मांगें मानने और कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद ही किसान शांत हुए।
https://ift.tt/GIljkN8
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply