मथुरा में 6 दिसंबर को शौर्य दिवस से पहले शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा की गई। इस दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर रहा। शहर के अति संवेदनशील क्षेत्रों, विशेषकर शाही ईदगाह मस्जिद के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत तीन स्तरीय घेरा बनाया गया था। इसमें भारी पुलिस बल, पीएसी और खुफिया विभाग के अधिकारियों को तैनात किया गया। शाही ईदगाह मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करने के लिए सैकड़ों नमाजी पहुंचे। सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने सख्ती बरती और पहचान पत्र तथा आधार कार्ड की जांच के बाद ही नमाजियों को ईदगाह परिसर में प्रवेश दिया गया। बड़ी संख्या में भीड़ होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही। नमाजियों ने देश में अमन-चैन, भाईचारे और शांति के लिए दुआ की। एसपी सिटी राजीव कुमार सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण करते रहे। उन्होंने पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। ईदगाह और आसपास के इलाकों की निगरानी ड्रोन कैमरों से भी की गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सतर्क रहने को कहा। यह अलर्ट अयोध्या में बाबरी मस्जिद विध्वंस की 6 दिसंबर को मनाई जाने वाली वर्षगांठ के मद्देनजर था। मथुरा में पुलिस प्रशासन पहले से ही हाई अलर्ट पर है। शहर में किसी भी तरह की अफवाह, अव्यवस्था या हुड़दंग को रोकने के लिए जगह-जगह ड्यूटी पॉइंट बनाए गए हैं। चेकिंग अभियान भी लगातार जारी है। नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद प्रशासन ने राहत महसूस की। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां अब भी पूरी तरह मुस्तैद हैं। अति संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त जारी है और पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है।
https://ift.tt/xHqT2pX
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply