आगरा जनकपुरी महोत्सव में पहुंचेंगे पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह:जनक मंच पर चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभु स्वरूप देंगे दर्शन

आगरा में चल रहे जनकपुरी महोत्सव के तहत शुक्रवार को श्री राम विवाह के बाद राजा जनक ने अग्रवन वाटर वर्क्स पर बड़हार की दावत दी। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इसके बाद शाम 6 बजे से जनक मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहे है।कुछ ही देर में प्रभु श्रीराम व माता सीता स्वरूप भक्तों को दर्शन देंगे। साथ ही आज पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कमला नगर में चल रहे जनकपुरी महोत्सव में शुक्रवार का दिन भक्तिमय और उल्लास से भरा रहा। प्रभु श्रीराम और माता सीता के विवाह उपरांत परंपरा अनुसार राजा जनक ने अग्रवन वाटर वर्क्स पर बड़हार की दावत का आयोजन किया। यह दावत दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चली, जिसमें शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दावत में शामिल लोगों के लिए विशेष व्यंजनों की व्यवस्था की गई। शाम लगभग 6 बजे से जनक मंच पर महिलाओं और बच्चों द्वारा भजन, लोकगीत और नृत्य सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी, जो वातावरण को भक्तिमय और मनोरम बना देगी। इस दौरान पूरा क्षेत्र राम मय हो जाएगा इसके बाद रात 8 बजे प्रभु श्रीराम माता सीता संग जनक मंच से भक्तों को भव्य दर्शन देंगे। इस अवसर पर हजारों की भीड़ जुटने की संभावना है। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए जनक महल परिसर में लगभग 1500 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। जो कि पासधारकों की लिए रहेगी। आज के इस प्रमुख आयोजन में उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह भी मुख्य अतिथि के तौर पर जनक मंच पर पहुंचेंगे। आयोजन समिति ने बताया कि सुरक्षा और यातायात की पुख्ता व्यवस्था की गई है क्षेत्र को पहले से ही नो कार जोन कर दिया गया है। ओर टू व्हीलर्स को भी बिना पास के एंट्री नहीं मिल रही है। यह व्यवस्था इसीलिए कि गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर