DniNews.Live

झांसी में बेटी की मौत पर फूट-फूटकर रोये मां-बाप:बोले-ससुराल वालों ने दरोगा के सामने दौड़ाकर पीटा, फरार आरोपियों को नहीं पकड़ रही पुलिस

झांसी में दहेज हत्या के मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर विवाहिता के माता-पिता फूट-फूटकर रो पड़े और इंसाफ की गुहार लगाई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को दरोगा के सामने ही ससुराल पक्ष ने बेरहमी से पीटा, लेकिन मौके पर मौजूद दरोगा ने उसे बचाने की कोई कोशिश नहीं की। घटना सात मार्च को मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के गांव चिरारा में हुई थी। पुलिस पर भी गंभीर आरोप
मृतक केसर (30) के पिता स्वामी प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 18 मई 2019 को झांसी के मिशन कंपाउंड निवासी देवेंद्र कुशवाहा से हुई थी। उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक करीब छह लाख रुपए दहेज में दिए, लेकिन शादी के एक साल बाद ही अतिरिक्त पांच लाख रुपए की मांग शुरू हो गई। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर साल 2023 में उन्होंने ससुराल पक्ष के खिलाफ घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कराया था। दिसंबर 2025 में समझौते के बाद केसर को फिर ससुराल भेज दिया गया, लेकिन आरोप है कि कुछ ही दिनों बाद फिर उसे परेशान किया जाने लगा। खेत पर दौड़ाकर पीटा
परिजनों के अनुसार, 7 मार्च को ससुराल पक्ष के लोग मऊरानीपुर के चिरारा गांव पहुंचे और कथित रूप से एक दरोगा की मौजूदगी में केसर को खेत पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे मृत समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में डायल 112 की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वीडियो में मदद की गुहार
परिजनों को मृतका के मोबाइल से एक वीडियो मिला है, जिसमें वह रोते हुए दरोगा से खुद को बचाने की गुहार लगाती दिखाई दे रही है। वीडियो में वह आरोप लगाती है कि पुलिसकर्मी ससुराल वालों का पक्ष ले रहा है। यह वीडियो अब पूरे मामले में बड़ा सबूत माना जा रहा है।
जमीन विवाद भी बना वजह
पिता का कहना है कि समझौते के बाद केसर अपने पति के हिस्से की पांच बीघा जमीन पर खेती कर रही थी। जब फसल तैयार हुई तो ससुराल पक्ष उसे काटने पहुंच गया। विरोध करने पर ही मारपीट की घटना हुई।
चार गिरफ्तार, कई अब भी फरार
पुलिस ने इस मामले में पति देवेंद्र कुशवाहा, ससुर राम भरोसे और दो देवर प्रमोद और दिनेश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सास फूलवती, मामा ससुर काशीराम और चाचा ससुर अरविंद अब भी फरार बताए जा रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि फरार आरोपी उन्हें लगातार धमका रहे हैं। एएसपी को सौंपी जांच वहीं, मामले में लापरवाही के आरोपों के बाद संबंधित दरोगा को एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने लाइन हाजिर कर दिया है और जांच एएसपी अरीबा नोमान को सौंपी गई है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *